सरगुजा। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर लहपटरा के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
मृतक की पहचान बेलदगी निवासी रूपदेव राजवाड़े के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बाइक क्रमांक CG 15 EC 7788 से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। लहपटरा के पास करीब शाम 7 बजे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना राहगीरों ने लखनपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस के अनुसार, युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन की तलाश की जा रही है। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।



