पखांजूर/गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़ सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धनोरा तहसील स्थित जपटलाई शासकीय कन्या छात्रावास में आधी रात जहरीला सांप घुसने से हड़कंप मच गया। छात्रावास में सो रही 6 छात्राओं को सांप ने डस लिया।
घटना के बाद सभी छात्राओं को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान 3 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि बाकी 3 छात्राओं का गढ़चिरौली अस्पताल में इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद छात्राओं के परिजनों में मातम और दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि छात्राएं रात में अपने कमरों में सो रही थीं, तभी जहरीला सांप छात्रावास के अंदर पहुंच गया और सो रही छात्राओं को डस लिया। अचानक हुई घटना से छात्रावास में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में सभी प्रभावित छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया।
एक साथ तीन छात्राओं की मौत के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि सांप छात्रावास के अंदर कैसे पहुंचा और परिसर में जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए किस तरह के इंतजाम मौजूद थे।
घटना के बाद छात्रावास भवन, खिड़की-दरवाजों, परिसर की साफ-सफाई और रात के समय निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत महसूस की जा रही है। प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और आगे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के कदम उठाए जाने की उम्मीद है।



