जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के झेराडीह पतरापाली में खेत में काम करने के बाद कुछ महिलाएं सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में वृंदावती गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने बाइक चालक सुमित कुमार भगत को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में बाइक चालक के शराब के नशे में होने का आरोप सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।



