छत्तीसगढ़

आदिवासी बालिका से रेप के बाद समझौते का दबाव? पुलिस ने कई लोगों को बनाया आरोपी..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। रेप के आरोपी उप सरपंच पति तरुण कुमार जायसवाल को पुलिस ने बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है। वहीं, पीड़ित परिवार पर कथित रूप से समझौते के लिए दबाव बनाने और एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के मामले में कई लोगों के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित परिवार पर 8 लाख रुपये लेकर समझौता करने और एफआईआर दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाए जाने का आरोप है। आरोपियों की ओर से घटना के दूसरे दिन एक पंचनामा तैयार किए जाने की बात भी सामने आई है।

पंचनामा पर हस्ताक्षर करने वाले विवेक पैकरा, अशोक जायसवाल, सरजू तिर्की, नान साय, नोहर साय, किशुन राम और जगजीवन राम समेत आरोपी के दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के मुख्य आरोपी तरुण कुमार जायसवाल को पटना से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उसके सहयोगियों की भूमिका और पीड़ित परिवार पर बनाए गए कथित दबाव की भी जांच कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपियों के बीच कथित भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Reply

Back to top button