छत्तीसगढ़

चलती स्कूल बस में बंदूक का आतंक, सुरक्षा गार्ड ने ड्राइवर पर तानी राइफल..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में चलती स्कूल बस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी बैंक के सुरक्षा गार्ड ने जबरन बस में चढ़ने की कोशिश की। ड्राइवर द्वारा नियमों का हवाला देकर मना करने पर गार्ड ने लाइसेंसी बंदूक निकालकर चालक पर तान दी और उसके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद बस में मौजूद यात्री और बच्चे दहशत में आ गए।

जानकारी के मुताबिक, मामला बिश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित स्कूल बस बिश्रामपुर से अंबिकापुर जा रही थी। इसी दौरान एक निजी बैंक का सुरक्षा गार्ड बस में सवार होकर अंबिकापुर तक छोड़ने की जिद करने लगा। चालक ने स्कूल बस में बाहरी व्यक्ति को बैठाने से इनकार किया तो आरोपी गुस्से में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरक्षा गार्ड ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर चालक को धमकाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से बस में मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के हथियार के लाइसेंस को निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button