कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलवन डांड के पिपरपारा में पति-पत्नी के विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पुलिस के अनुसार, पत्नी बबली को अपने पति जयवीर के पड़ोस की एक विधवा महिला से अवैध संबंध होने का शक था।
बताया जा रहा है कि 6 अगस्त को राशन दुकान से लौटते समय बबली ने पति को पड़ोसन के घर में देखा। घर के अंदर तलाशी लेने पर जयवीर छिपा मिला। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस और झूमाझटकी हुई। इसी दौरान पत्नी ने पति को धक्का दे दिया, जिससे वह मुंह के बल पत्थर पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और पड़ोसी उसे घर ले गए, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मामले की जांच जारी है।



