छत्तीसगढ़

1.25 करोड़ की ठगी! भाई ने बहन-जीजा को लगाया करोड़ों का चूना..

रायपुर। राजधानी रायपुर में कारोबारी परिवार से जुड़ा करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अधिराज ग्रुप के डायरेक्टर पर अपनी ही बहन और जीजा को कारोबार में डबल मुनाफे का लालच देकर करीब 1.25 करोड़ रुपये का निवेश कराने और बाद में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें साझेदारी फर्म से बाहर करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, नागपुर निवासी शिवांगी गर्ग, जो पेशे से मनोवैज्ञानिक काउंसलर हैं, ने शिकायत में बताया कि उनके भाई शुभम सिंघल और भाभी जया सिंघल रायपुर में अधिराज सीमेंट और अधिराज ट्रेडलिंक नाम से साझेदारी फर्म संचालित करते थे। वर्ष 2020 में कारोबार के विस्तार और दोगुना मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर दोनों से अलग-अलग समय में नकद और बैंकिंग माध्यम से करीब 1.25 करोड़ रुपये निवेश कराए गए।

शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में भरोसा बनाए रखने के लिए मुनाफे के नाम पर कुछ रकम लौटाई जाती रही, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया। जब निवेश की राशि वापस मांगी गई तो 4 अप्रैल 2025 को दंपती को दोनों फर्मों में भागीदार बना दिया गया। इसके कुछ समय बाद कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए उन्हें साझेदारी से हटा दिया गया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत रजिस्ट्रार ऑफ फर्म्स से दस्तावेज हासिल किए। दस्तावेजों में सामने आया कि 6 मार्च और 6 अप्रैल 2026 की पार्टनरशिप डीड में उनके कथित हस्ताक्षर कर उन्हें फर्म से रिटायर दिखाया गया है। पीड़िता का दावा है कि उन दोनों तारीखों में वह रायपुर में मौजूद ही नहीं थीं और दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं।

शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक लेनदेन और कथित फर्जी हस्ताक्षरों की जांच कर रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो मामले में आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button