कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद और शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद दोनों ने मिलकर पत्थर से हमला कर महेश साहू की हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह मृतक का शव लोहारा के बानो रोड स्थित एक दुकान के पास मिला था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और घटनास्थल से खून से सना पत्थर सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की और अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 25 जुलाई की रात वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से पति के पास आई थी। शराब के नशे में पति से लगातार विवाद होने के बाद दोनों ने मिलकर उसे पकड़ लिया और पास में पड़े पत्थर से सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सड़क किनारे छोड़ दिया और स्कूटी से गांव लौट गए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पत्थर, स्कूटी, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू विवाद, नशे की समस्या या पारिवारिक तनाव की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संवाद, परामर्श और कानूनी सहायता का सहारा लें, क्योंकि हिंसा गंभीर अपराध है और इसके कठोर कानूनी परिणाम होते हैं।



