छत्तीसगढ़

पेंड्रा में दर्दनाक हादसा: बोरवेल वाहन से टकराई स्कूटी, पिता-पुत्र की मौत मां अस्पताल में भर्ती..

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर सवार पति-पत्नी और उनका मासूम बेटा मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी चालक ने आगे चल रहे एक ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान सामने से आ रहे बोरवेल वाहन को वह समय रहते नहीं देख पाया और स्कूटी सीधे उससे जा भिड़ी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में पिता और बेटे के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान बरती गई लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button