रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ को नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नवा रायपुर के फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस मौके पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने में हरसंभव सहयोग करेगी। उनका लक्ष्य छत्तीसगढ़ को दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय युवाओं को देश-दुनिया के अनुभवी खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण व अवसर देने पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता भी दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से बस्तर और सरगुजा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की अपील की।
वहीं, कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हर साल बड़े गोल्फ टूर्नामेंट आयोजित करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में गोल्फ के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं और आने वाले समय में प्रदेश देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ के विस्तार और प्रदेश को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।



