छत्तीसगढ़

रायगढ़ में ग्रामीण की हत्या, घर बुलाकर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला..

रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आपसी कहासुनी और इलाज कराने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने ग्रामीण पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान पखनाकोट निवासी चैतराम यादव (50) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान उसी गांव के नैहर साय मांझी (45) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पत्नी चैतराम को अपने घर बुलाने गई थी। इसके बाद चैतराम रात में नैहर साय मांझी के घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि इलाज कराने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने टांगी (कुल्हाड़ी) से चैतराम पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। चैतराम का शव आरोपी के घर की परछी में मिला।

सूचना मिलने पर कापू पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि वारदात में इस्तेमाल टांगी को उसने छाताघुरा जंगल में पत्थर के नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Back to top button