बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव के गिजनियादामर टोला में दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा डेढ़ साल का मासूम दीपक पानी से भरी डबरी में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर पर कोई वयस्क सदस्य मौजूद नहीं था। बच्चे के पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में काम करते हैं, जबकि उसकी मां किसी जरूरी काम से गांव की सोसाइटी गई हुई थी।
काफी देर तक जब दीपक दिखाई नहीं दिया, तो उसके दादा रमेश रवि ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित डबरी के पास बच्चे का शव पानी में तैरता मिला।
परिजन तत्काल मासूम को रामानुजगंज के 100 बिस्तरीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर रामानुजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



