राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के बोरतालाब इलाके में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत समतलीकरण के दौरान बने गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बोरतालाब क्षेत्र के एक खेत में समतलीकरण के दौरान गहरा गड्ढा बना था, जिसमें हाल की बारिश के बाद काफी पानी जमा हो गया था। खेलते-खेलते तीनों बच्चे खेत की ओर पहुंच गए और गहरे पानी में उतरने के दौरान डूब गए। बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों बच्चे पानी में समा गए।
शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। अंधेरा होने के बावजूद ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृत बच्चों की उम्र 5 से 10 वर्ष के बीच थी।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे बोरतालाब क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने खेतों में बने खुले गहरे गड्ढों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



