रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रॉयल ओमान पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार उसे मस्कट के अल खौद हिरासत केंद्र में रखा गया है। उस पर कथित तौर पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि भारतीय एजेंसियों की ओर से जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर ओमान पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार ने उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है और संबंधित एजेंसियां ओमान प्रशासन के संपर्क में हैं।
सूत्रों के अनुसार, सौरभ चंद्राकर पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रह रहा था। आरोप है कि उसने जाली पहचान का इस्तेमाल कर वहां से ओमान में प्रवेश किया। ओमान में उसके खिलाफ पासपोर्ट धोखाधड़ी और अवैध प्रवेश से जुड़े आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
मामले में मस्कट में कानूनी टीम भी नियुक्त की गई है। स्थानीय कानूनों के तहत दर्ज गंभीर आरोपों के कारण आरोपी को जमानत मिलना आसान नहीं माना जा रहा है। यदि ओमान की अदालत भारत के प्रत्यर्पण अनुरोध को मंजूरी देती है, तो CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की संयुक्त टीम कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे भारत लाएगी।
गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच CBI और ED द्वारा की जा रही है। जांच एजेंसियां अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी, मनी लॉन्ड्रिंग और करोड़ों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी को इस मामले में अब तक की सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।



