छत्तीसगढ़

कोरिया में भाजपा नेता को फॉर्च्यूनर SUV में जिंदा जलाया, रेत विवाद ने लिया खूनी मोड़, धारा 163 लागू, भारी पुलिस बल तैनात; सुरक्षा व्यवस्था कड़ी..

कोरिया | छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने मंगलवार देर रात खूनी रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के कटगोड़ी गांव में हुए इस सनसनीखेज हमले में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह को कथित तौर पर उनकी फॉर्च्यूनर SUV के अंदर जिंदा जला दिया गया। इस हमले में उनके भाई सहित कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष दो वाहनों में सवार होकर जा रहा था, तभी पहले एक डंपर/टिपर वाहन से उनकी फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारी गई। टक्कर के कारण वाहन के दरवाजे जाम हो गए और अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद हमलावरों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे अंदर फंसे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग से बचने के लिए जब वाहन में सवार लोग शीशे तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, तब भी हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की। घटना में भरत सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके भाई ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे रेत खनन और वर्चस्व को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद मुख्य वजह हो सकता है। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

यह घटना प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अवैध रेत कारोबार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button