रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की रामनगर चौकी अंतर्गत श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में चोरों ने सेंधमारी कर करोड़ों रुपये के आभूषण पार कर दिए। चोर दुकान की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया।
दीवार तोड़कर दुकान में घुसा चोर
जानकारी के मुताबिक, चोरी की वारदात मंगलवार रात को हुई। बुधवार सुबह करीब 11 बजे दुकान संचालक जब दुकान खोलने पहुंचा, तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। कई ज्वेलरी बॉक्स खाली थे। दुकान की जांच करने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर ने दुकान की दीवार में सेंध लगाई और उसी रास्ते अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने दुकान में रखे आभूषणों को निशाना बनाया।
डेढ़ किलो सोना और साढ़े 3 किलो चांदी चोरी
बताया जा रहा है कि चोर दुकान से करीब डेढ़ किलो सोने के आभूषण और साढ़े तीन किलो चांदी के जेवर चोरी कर ले गया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, चोरी की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस और दुकान संचालक द्वारा किया जा रहा है।
CCTV में कैद हुआ चोर
दुकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध चोर अंदर घुसते और ज्वेलरी चोरी करते दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
क्राइम ब्रांच से FSL तक की टीमें जांच में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच, फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वायड और FSL की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी तक पहुंचने के लिए अलग-अलग एंगल से पड़ताल की जा रही है।


