छत्तीसगढ़

CISF जवान के घर मिली 26 वर्षीय युवती की लाश, लिव-इन रिलेशनशिप का खुलासा..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के शंकर नगर इलाके में CISF जवान के किराए के मकान में 26 वर्षीय युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अंजलि घोड़ेस्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंजलि CISF जवान करण सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक घटना 27 सितंबर की है। करण सिंह का कहना है कि अंजलि ने आत्महत्या की थी। वहीं, युवती के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर संदेह जताया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोस्ती

अंजलि महाराष्ट्र के कल्याण की रहने वाली थी, जबकि करण सिंह पंजाब का निवासी बताया जा रहा है। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग भिलाई में बताई गई है। दोनों की करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और हाल ही में वे दुर्ग के शंकर नगर की गली नंबर-10 स्थित किराए के मकान में साथ रहने लगे थे।

परिजनों के मुताबिक अंजलि 8 सितंबर को घर से यह कहकर निकली थी कि वह पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दिल्ली जा रही है। इस दौरान वह परिवार को दिल्ली की कोचिंग क्लास की तस्वीरें भी भेजती रही। परिवार को जानकारी नहीं थी कि वह दिल्ली के बजाय दुर्ग में करण सिंह के साथ रह रही है।

मौत के बाद परिवार को मिली लिव-इन की जानकारी

अंजलि की बुआ करुणा घोड़ेस्वर के मुताबिक परिवार को करण के बारे में सिर्फ इतना पता था कि वह अंजलि का दोस्त है। दोनों के बीच करीब दो साल से संपर्क था, लेकिन उनके साथ रहने की जानकारी परिवार को नहीं थी। अंजलि की मौत के बाद परिजनों को लिव-इन रिलेशनशिप के बारे में पता चला।

घटना के बाद करण सिंह ने खुद अंजलि के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार के सदस्य भिलाई पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पैसों के लेन-देन की भी जानकारी सामने आई

जांच के दौरान अंजलि और करण के बीच ऑनलाइन पैसों के लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। परिजनों के पास मौजूद स्क्रीनशॉट के अनुसार अंजलि ने अलग-अलग तारीखों में करण के खाते में 5 हजार, 2 हजार और 1500 रुपये समेत कई बार रकम भेजी थी। परिवार का दावा है कि इन लेन-देन की कुल राशि करीब 25 से 30 हजार रुपये हो सकती है।

हालांकि, यह रकम किस वजह से भेजी गई थी, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही लेन-देन की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मोहन नगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अलावा मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और दोनों के बीच हुई बातचीत से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है।

फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Back to top button