रायपुर। नारकोटिक्स के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे वित्तीय नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में नारकोटिक्स प्रकरणों की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर एक दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेशभर से उप पुलिस अधीक्षक से सहायक उप निरीक्षक स्तर तक के करीब 70 पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में नारकोटिक्स मामलों की जांच के दौरान अवैध संपत्तियों की पहचान, वित्तीय लेन-देन की पड़ताल और संपत्ति जब्ती से जुड़े पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर एडीजी नारकोटिक्स अमित कुमार ने कहा कि नशीले पदार्थों के मामलों में केवल आरोपियों तक पहुंचना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान और जब्ती के जरिए इसके वित्तीय नेटवर्क पर भी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रभावी और व्यापक विवेचना की आवश्यकता है।
उन्होंने अधिकारियों को नारकोटिक्स की सप्लाई चेन के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच करने पर जोर दिया। इसमें नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही है, कौन इसकी सप्लाई कर रहा है और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, जैसे पहलुओं की वित्तीय जांच शामिल है।
डीआईजी नारकोटिक्स पारुल माथुर ने कहा कि एनडीपीएस मामलों की विवेचना में विभिन्न संबंधित एजेंसियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई को जांच का अहम हिस्सा बताया। साथ ही सप्लाई रिडक्शन, डिमांड रिडक्शन, हार्म रिडक्शन और रिहैबिलिटेशन के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला के पहले सत्र में इनकम टैक्स इन्वेस्टिगेशन विंग, रायपुर के डिप्टी डायरेक्टर प्रकाश चंद्र चौहान ने वित्तीय जांच से जुड़े विषयों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने अवैध धन के स्रोत और उसके निवेश की पहचान के तरीकों की जानकारी दी।
दूसरे सत्र में नेशनल एकेडमी ऑफ कस्टम्स, इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड नारकोटिक्स, रायपुर के एडिशनल असिस्टेंट डायरेक्टर सलमान इम्तियाज हुसैनी ने जीएसटी विश्लेषण के माध्यम से अवैध धन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की पहचान के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनामिका जैन सहित पुलिस मुख्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।



