छत्तीसगढ़

भरदा में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, 12.87 लाख की लागत से बनेगी पक्की नाली..

रायपुर। दुर्ग जिले के ग्राम भरदा में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने कदम उठाया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की पहल के बाद जिला प्रशासन ने गांव में 12.87 लाख रुपये की लागत से पक्की निकासी नाली निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।

दरअसल, 26 सितंबर को अतिवृष्टि और जलभराव से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने मंत्री गजेंद्र यादव भरदा पहुंचे थे। राहत शिविर में प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों और किसानों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग रखी थी। मंत्री ने इस मांग पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्वीकृत राशि में 2.56 लाख रुपये मजदूरी और 10.31 लाख रुपये सामग्री मद के लिए निर्धारित किए गए हैं। नाली का निर्माण वीबी-जी रामजी योजना के तहत कराया जाएगा। प्रस्तावित पक्की नाली पुरुषोत्तम निषाद के घर से केशव ठाकुर के घर तक बनाई जाएगी। इससे बारिश के दौरान सड़क और आसपास के क्षेत्र में होने वाले जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार

जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ के अनुसार, योजना के तहत स्थानीय मूलभूत जरूरतों से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। पात्र ग्रामीणों को मांग के आधार पर 15 दिवस के भीतर 300 रुपये प्रतिदिन की निर्धारित मजदूरी दर से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा प्रभावित क्षेत्र में फसल क्षति के तत्काल सर्वेक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं। नाली निर्माण की त्वरित स्वीकृति और प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों ने मंत्री गजेंद्र यादव, कलेक्टर और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Back to top button