छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.45 करोड़ का गांजा जब्त, रायपुर के तीन तस्करों समेत 5 गिरफ्तार..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.45 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में रायपुर के तीन तस्करों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा पिकअप और मारुति स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर चारामा से धमतरी की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर श्यामतराई फॉरेस्ट नाका के पास नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान 13 प्लास्टिक बोरियों में भरे 96 पैकेटों से 490.818 किलो गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से दो वाहन, छह मोबाइल फोन और गांजा जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर और अन्य शहरों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।

धमतरी पुलिस के अनुसार, यह पिछले चार वर्षों में जिले की सबसे बड़ी गांजा जब्ती की कार्रवाई है। मामले में अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button