छत्तीसगढ़

सुपेबेड़ा को मिलेगा साफ पानी, मुख्यमंत्री साय ने तेल नदी पर एनीकट निर्माण के लिए मंजूर किए 7 करोड़..

गरियाबंद। वर्षों से किडनी रोग और दूषित पेयजल की समस्या से जूझ रहे सुपेबेड़ा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तेल नदी पर एनीकट निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपये की मंजूरी देते हुए बारिश से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

सुपेबेड़ा में पहले से जल जीवन मिशन के तहत करीब 8 करोड़ रुपये की सामूहिक जलप्रदाय योजना तैयार की जा चुकी है। इस योजना के माध्यम से तेल नदी से पानी लेकर ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध किया जाएगा और नौ गांवों के 2074 परिवारों को आयरन और फ्लोराइड मुक्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

हालांकि, इस परियोजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती सालभर पानी की उपलब्धता थी। गर्मी के मौसम में तेल नदी के सूख जाने से जल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तेल नदी पर एनीकट का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पूरे वर्ष जल संग्रहण संभव हो सकेगा।

इससे पहले इंटेक वेल के पास डायफ्राम वॉल का निर्माण किया गया था, लेकिन वह पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई थी। अब एनीकट बनने से जलप्रदाय योजना को स्थायी आधार मिलेगा और क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सुपेबेड़ा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।

Leave a Reply

Back to top button