रायपुर/गोबरा। नवापारा थाना क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और सट्टा कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल पर बड़ी कार्रवाई हुई है। रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर रायपुर ग्रामीण क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात गोबरा नवापारा इलाके में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल भी टीम के साथ मौजूद थे।
इसी दौरान क्राइम टीम ने थाना प्रभारी को एक आरोपी से अलग हटकर बातचीत करते देखा, जिसके बाद उनकी भूमिका संदिग्ध मानी गई। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद तत्काल जांच शुरू की गई।
सूत्रों के अनुसार, जिस आरोपी से बातचीत हुई वह लल्ला सोनवानी बताया जा रहा है, जिस पर पहले से अवैध शराब, गांजा और सट्टा कारोबार से जुड़े कई आरोप हैं। उसके खिलाफ जिला बदर जैसी कार्रवाई भी हो चुकी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल को सस्पेंड कर लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार पर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।



