छत्तीसगढ़

दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत..

जगदलपुर। बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमार मरेंगा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज जगदलपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम सरगीपाल जुनापारा निवासी नीलकंठ बघेल (27 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीलकंठ पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। शुक्रवार सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया और घूमते-घूमते रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी दौरान सामने से मालगाड़ी आ रही थी। ट्रेन चालक ने युवक को ट्रैक पर देखकर कई बार हटने का इशारा किया और आवाज भी लगाई, लेकिन युवक पटरी से नहीं हटा। स्थिति को देखते हुए चालक ने तत्काल ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया।

हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button