छत्तीसगढ़

राजधानी में हाईवोल्टेज ड्रामा, 35 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ी युवती..

रायपुर। Raipur के शंकर नगर इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक 35 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ गई। युवती करीब 40 मिनट तक ऊपर बैठी रही, जिससे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई और सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लंबी सीढ़ी लगाई गई, वहीं किसी भी हादसे से बचने के लिए नीचे सुरक्षा जाली भी बिछाई गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शंकर नगर मेन रोड पर लंबा जाम लग गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति संभाली। काफी मशक्कत और स्थानीय लोगों की मदद के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में युवती मानसिक रूप से अस्थिर नजर आ रही है। हालांकि उसने किसी विवाद या परेशानी की बात से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button