दुर्ग। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में सोमवार देर रात खूनी संघर्ष की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी रंजिश के चलते 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और चाचा के बेटे को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, घटना केजू राइस मिल के पास रात करीब 1 बजे हुई। 20 वर्षीय जितेश ठाकुर खाना खाने के बाद घर के पास टहल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी, सब्बल और धारदार हथियारों से हमला कर जितेश की मौके पर ही हत्या कर दी।
शोर सुनकर जब उसका बड़ा भाई राहुल ठाकुर और चाचा का बेटा नेहरू ठाकुर मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रायपुर और दुर्ग के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और अब तक 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।



