छत्तीसगढ़

गुस्से में आरोपी बना हैवान, 2 युवकों की चली गई जान..

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 13 दिन पहले हुए चाकूबाजी मामले में गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले उसके दोस्त की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल की रात बालाजी नगर निवासी रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील कन्हैया को बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। दोनों गांधी विद्यालय के पास पहुंचे थे, तभी उन्होंने देखा कि आरोपी गोलू सिंह एक युवक को बैट से पीट रहा है।

रजत और सुनील ने बीच-बचाव कर आरोपी को रोकने की कोशिश की। इसी बात से नाराज होकर आरोपी गोलू सिंह भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए चाकू निकाल लिया। इसके बाद उसने दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रजत के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनील के सीने, पेट और पीठ पर चाकू से वार किए गए।

घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सुपेला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान पहले रजत कुशवाहा की मौत हो गई थी, वहीं शुक्रवार को सुनील कन्हैया ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button