रायपुर। राजधानी रायपुर में क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सटोरिया बाबू उर्फ गुलशन खेमानी के घर छापेमारी की। शुक्रवार को गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की करीब 10 टीमों ने आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को बाबू खेमानी और उसके परिवार से जुड़ी करोड़ों रुपये की संपत्ति का पता चला। जांच में 5 महंगी कारें, जिनमें बीएमडब्ल्यू और क्रेटा जैसे ब्रांड शामिल हैं, के अलावा जमीन और अन्य संपत्तियों की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाबू और उसका भाई करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। इसके लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी बनाई गई थीं और म्यूल बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब बाबू, करण और उनके पिता के बैंक खातों के ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि बाबू पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा था, जिसके बाद उसने खुद का सट्टा नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
बाबू खेमानी खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताता था और इंस्टाग्राम सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाता था। उसके कई वीडियो आपत्तिजनक भाषा और गाली-गलौज वाले भी बताए जा रहे हैं।
इस मामले में शहर के एक पूर्व महापौर के भतीजे के साथ बाबू का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों आपत्तिजनक बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले कबीर नगर में सट्टे पर कार्रवाई के दौरान बाबू के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था, जिसमें उसका चचेरा भाई ओम खेमानी गिरफ्तार हुआ था। उसी दौरान बाबू और करण के बारे में पुलिस को अहम जानकारी मिली थी।



