छत्तीसगढ़

बिलासपुर में गैस की कालाबाजारी: रिपेयरिंग दुकान बनी गैस माफिया का अड्डा..

बिलासपुर। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण होर्मुज स्ट्रेट में उत्पन्न हालात का असर अब देश में भी देखने को मिल रहा है। इसी का फायदा उठाकर बिलासपुर में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है।

खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर महामाया गैस रिपेयरिंग और विजय स्टील दुकान से कुल 54 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि गैस चूल्हा रिपेयरिंग और बर्तन दुकान की आड़ में अवैध रिफिलिंग और ब्लैक मार्केटिंग का गोरखधंधा चलाया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान 14.2 किलो के भरे और आंशिक भरे घरेलू सिलेंडरों के साथ 5 किलो के कई सिलेंडर भी बरामद हुए। इसके अलावा मौके से रिफिलिंग नोजल, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण और रिफिलिंग से सुरक्षा नियमों की अनदेखी हो रही है, जिससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है।

फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button