रायपुर: मन में यदि हौसलों की उड़ान हो तो सपनों को पंख तो जरूर मिलते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप 10 और 12 वीं के टॉपर बच्चों ने रायपुर स्थित पुलिस ग्राउंड में हेलीकॉप्टर ज्यायराइड किया। उत्साहित बच्चों के लिए यह सफर काफी रोमांचकारी रहा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की वर्ष 2023 की कक्षा दसवीं और बारहवीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षा में प्रावीण्य सूची में जगह बनाने वाले 89 विद्यार्थियों ने राजधानी के पुलिस परेड ग्राउण्ड से हेलीकॉप्टर द्वारा जॉयराईड किया।
बच्चों ने साझा किए अनुभव
कोरबा जिले के विशेष पिछड़ी बिरहोर जनजाति के कक्षा 12 वीं के छात्र सुकसम ने बताया की मुख्यमंत्री की ये पहल काफी अच्छी है। इससे हम जैसे और भी पिछड़े समुदाय से आने वाले लोगों को प्रावीण्य सूची में आने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल मनेन्द्रगढ़ की कक्षा 12 वीं की छात्रा प्रिया रोहरा ने हेलीकॉप्टर ज्यायराइड के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा छोटे से शहर से आकर यहाँ हेलीकॉप्टर में बैठना किसी सपने से कम नही है।शक्ती जिले की कक्षा 12 वी की टॉपर श्रेया पांडे ने बताया कि हेलीकॉप्टर में बैठकर सफर करना काफी रोमांचक रहा,भविष्य में और अच्छी पढ़ाई के लिए मुझे प्रोत्साहन मिला है। शक्ती जिले के बाराद्वार की छात्रा पायल यादव ने बताया कि 10 वीं कक्षा में 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। प्रावीण्य सूची में आने के कारण मुझे हेलीकॉप्टर ज्यायराइड का मौका मिला काफी रोमांचित हूँ मुझे बहुत खुशी हो रही है आगे की पढ़ाई बहुत मन लगाकर करूंगी ताकी भविष्य में भी मेरिट सूची में जगह मिले और ऐसे ही ज्यायराइड का मौका मिले।
स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत किया हेलीकॉप्टर ज्यायराइड
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल की वर्ष 2023 की वार्षिक परीक्षा में कक्षा 10वीं में 49 और कक्षा 12वीं में 30 छात्र-छात्राओं ने प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार विशेष पिछड़ी जनजाति के अपने-अपने वर्ग में 10 वी पांच और 12 वी के पांच सहित कुल 10 बच्चों ने टॉप किया इन बच्चों को कराया गया।गतवर्ष भी 2022 में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त 125 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के वादे के अनुरूप हेलीकॉप्टर में जॉय राईडिंग करायी गई थी।
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा सचिव एस भारतीदासन, प्रमुख सचिव शिक्षा आलोक शुक्ला,सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल वी के गोयल, रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी आर. एल. ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद है।
पुलिस लाइन मैदान से आज स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के विशेष पिछड़ी जनजाति के 10 विद्यार्थियों ने हेलीकॉप्टर जॉयराइड का आनंद लिया। जिसमें कक्षा दसवीं के 5 छात्र और कक्षा बारहवीं के 5 छात्र शामिल हैं। यह विद्यार्थी ऐसे क्षेत्रों से आए हैं जहां पर मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर आज ये बच्चे सपनों के पंख लगाकर आसमान की सैर कर रहे हैं।
विशेष पिछड़ी जनजाति की गायत्री धनुषधारी, कक्षा बारहवीं की छात्रा है। उसने 85.02% के साथ परीक्षा प्रथम की है। गायत्री अमरतरा हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा है। गायत्री ने बताया कि हेलीकॉप्टर में बैठकर सपना सच होने जैसा लग रहा। मैं इस पल को कभी नहीं भूलूंगी। मेरा पूरा परिवार बहुत खुश है। आज मुख्यमंत्री जी की वजह से मुझे यह मौका मिला मैं बहुत खुश हूं। मैं नीट की तैयारी करके डॉक्टर बनना चाहती हूं।
गायत्री गरियाबंद जिले के ग्राम तेरेंगा में रहती है, माता-पिता दोनों किसान हैं, गायत्री ने बताया कि हमारे परिवार को शासकीय योजनाओं का लाभ मिलता है, उससे बहुत मदद होती है।
कक्षा दसवीं की छात्रा एन कुमारी बैगा 88.16% अंक के साथ प्रथम आई है। एन कुमारी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय, बोड़ला की छात्रा हैं। एन कुमारी कबीरधाम जिले के गांव मन्नाबेदी से हैं। हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। एन कुमारी ने बताया कि हम पांच बहन एक भाई हैं। माँ गांव के ही प्राइमरी स्कूल में रसोइया का काम करती हैं। मेरा पूरा परिवार बहुत ख़ुश है। मेरी दीदी मुझे यहां लेकर आई है। मैं नीट की तैयारी करके डॉक्टर बनना चाहती हूं। एन कुमारी ने बताया कि आज मुझसे मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम जी ने बात की और शाबासी दी, उन्होंने कहा कि तुम सभी से आज मुख्यमंत्री जी भी मिलेंगे। हेलीकॉप्टर जॉयराइड को लेकर अपना एक्सपीरियंस बताते हुए एन कुमारी ने कहा कि आज का दिन मैं कभी नहीं भूलूंगी। हम विशेष पिछड़ी जनजाति के हैं, मैं चाहती हूं कि हमारा समाज इसी तरह से आगे बढ़े।



