छत्तीसगढ़

15 वर्षीय नाबालिग की लापरवाही बनी मौत का कारण,3 को कार से कुचला, बेटी-पिता गिरफ्तार..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 15 साल की लड़की ने तेज रफ्तार कार से 3 लोगों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर मौत हो गई। धरमजयगढ़ के पास चाल्हा मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी एक महिला को रौंद दिया और फिर बाइक सवार दो युवकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में ललिता मिंज (35), मोहन पटेल (33) और अमित किंडो (26) शामिल हैं। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार में कुचलते नजर आ रही है। पुलिस ने नाबालिग लड़की और उसके पिता को अरेस्ट किया है।

कैसे हुआ हादसा?

घटना 30 अक्टूबर की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानते हुए सिर्फ खानापूर्ति की। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। वीडियो में देखा गया कि टक्कर के बाद कार कुछ दूर जाकर रुकी। इससे संवेदनहीनता और लापरवाही दोनों स्पष्ट नजर आईं।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि हादसे के दिन नाबालिग किशोरी अपने दो दोस्तों के साथ मिरीगुड़ा से कापू पिकनिक मनाने गई थी। तीनों सुबह घर से निकले थे और बताया जा रहा है कि लौटते समय वे नशे में थे। दोपहर करीब 12 बजे हादसा हुआ। यह भी गंभीर सवाल खड़ा करता है कि नाबालिगों ने शराब कैसे और कहां से खरीदी।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नाबालिगों को शराब किसने उपलब्ध कराई और घटना के बाद आरोपियों के भागने में किसने मदद की। इस घटना ने अभिभावकों को भी चेतावनी दी है कि नाबालिग बच्चों को वाहन उपलब्ध कराना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि दूसरों की जान के लिए खतरनाक भी साबित हो सकता है।

 

Leave a Reply

Back to top button