छत्तीसगढ़

CG- सुरक्षाबल के साथ मुठभेड़ में 5 लाख की ईनामी महिला माओवादी ढेर, हथियार-बारूद बरामद..

सुकमा। सुबह से नक्सलियों के साथ चल मुठभेड़ में सुरक्षाबल ने पांच लाख की ईनामी महिला नक्सली बूस्की नुप्पो को ढेर किया है। मलांगीर एरिया कमेटी की मेंबर बूस्की नुप्पो सुकमा व दंतेवाड़ा जिले के 9 गंभीर मामलों में वांटेड थी।

पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण ने बताया कि 18 सितंबर को जिला सुकमा के थाना गादीरास क्षेत्रांतर्गत गुफड़ी एवं पेरमापारा के मध्य जंगल पहाड़ी में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर सुरक्षाबल ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

अभियान के दौरान आज सुबह डीआरजी टीम एवं माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। बूस्की मलांगीर एरिया कमेटी में ACM के तौर पर कार्यरत थी। उस पर शासन ने 5 लाख रुपए का ईनाम घोषित किया हुआ है। बूस्की नुप्पो के खिलाफ थाना अरनपुर में 7, थाना कुंआकोंडा में एक और थाना गादीरास में एक मामला दर्ज है।

महिला माओवादी के शव के साथ मुठभेड़ स्थल से एक 315 बोर रायफल, पांच 315 रायफल कारतूस, एक वायरलेस सेट, 8 डेटोनेटर, 10 मीटर कोर्डेक्स वायर, 4 जिलेटिन रॉड, एक पिट्ठू, बारूद, रेडियो, एक बंडा, नक्सली साहित्य और अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री बरामद किया है।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने माओवादी कैडरों से अपील की कि वे यह यथार्थ स्वीकार करें कि माओवाद समाप्ति के कगार पर है। अब समय आ गया है कि वे हिंसा का मार्ग त्याग कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाते हुए मुख्यधारा से जुड़ें।

Leave a Reply

Back to top button