
रायपुर
भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने कैंडिडेट के नाम का ऐलान कर दिया है. कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर से विधायक रहे स्व. मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को अपना उम्मीदवार बनाया है. इस पर मुहर लगने से पहले भी इन्हीं की चर्चा हो रही थी, जिसके बाद अब आखिर में इन्हीं के नाम पर आलाकमान ने मुहर लगाई है. वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक ब्रम्हानंद नेताम को मैदान में उतारा है.
जानकारी के अनुसार, भानुप्रतापपुर विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष रहे मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित सरकारी स्कूल में व्याख्याता के पद पर तैनात थीं. निर्वाचन कानून के मुताबिक कोई सरकारी कर्मचारी अथवा लाभ के पद पर बैठा व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता था. ऐसे में मंडावी ने नामांकन से पहले ही नौकरी छोड़ दी. दिवंगत मनोज मंडावी की अंतिम यात्रा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सावित्री मंडावी को उम्मीदवार बनाने की बात कही थी. उसके बाद मंडावी के समर्थक उनके पीछे एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में लगे हैं. इतना ही नहीं पिछले सप्ताह कांकेर के चारामा में हुई मुख्यमंत्री की जनसभा में भी सावित्री मंडावी के समर्थन में नारे लगाए गए थे.




