छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक गुरुद्वारे को मिलेगी नई पहचान, CM साय ने की बड़ी घोषणा..

महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। इस दौरान वे सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए और श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया।

नानक सागर के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री साय ने नानक सागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

करीब 500 साल पुरानी ऐतिहासिक विरासत

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर का संबंध प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। लगभग पांच शताब्दी पूर्व गुरु नानक देव जी के इस क्षेत्र में आगमन की स्मृतियां आज भी यहां की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान हैं। तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग भी इस क्षेत्र की श्रद्धा और सद्भाव की परंपरा को दर्शाता है।

प्रेम, सेवा और समानता का संदेश देते हैं गुरु नानक देव जी

सीएम साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का संदेश दिया। उनकी ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के कल्याण की प्रेरणा देती है। गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा सामाजिक समानता और भाईचारे का अनुपम उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। गढ़फुलझर का समग्र विकास कर इसे प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल, जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, इंद्रजीत सिंह खालसा, भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

2

Back to top button