जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। देउरगांव से मोंगरापाल मार्ग पर नगर पंचायत कार्यालय के आगे मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली खंभे की सपोर्टिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय गंगाधर कश्यप निवासी घाटधनोरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने ससुराल चोलनार जा रहे थे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
हादसे की सूचना पर बस्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



