कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुकदुर क्षेत्र के केसमरदा गांव में बीती रात चार हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बस्ती में घुसकर दो घरों में तोड़फोड़ की और घरों में रखे खाद्य पदार्थों को खाकर बिखेर दिया। इस दौरान शादी समारोह के लिए जुटाकर रखी गई नौ बोरी चावल भी हाथियों ने बर्बाद कर दिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
आधी रात गांव में घुसा हाथियों का दल
जानकारी के अनुसार, बीती रात जब बैगा परिवार अपने घरों में गहरी नींद में सो रहे थे, तभी चार हाथियों का दल अचानक गांव में पहुंच गया। हाथियों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग किसी तरह घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने के लिए भागे।
शादी के लिए रखे नौ बोरी चावल किए बर्बाद
बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसके लिए परिवार ने नौ बोरी चावल खरीदकर रखे थे। हाथियों ने घर में घुसकर चावल खाए और उन्हें बिखेरकर बर्बाद कर दिया। इसके अलावा घरों में रखे अन्य खाद्य पदार्थों को भी नुकसान पहुंचाया। हाथियों के इस उत्पात से परिवार की शादी की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है।
एक सप्ताह पहले महिला को कुचलकर मार डाला था
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले चार हाथियों के इसी दल ने एक महिला को कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के कारण केसमरदा और आसपास के गांवों में ग्रामीण दहशत में हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। विभाग ने लोगों से जंगलों में नहीं जाने और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।



