रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाठागांव बस स्टैंड में शुक्रवार देर रात खड़ी रॉयल ट्रेवल्स की एक बस में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि बस के एयर कंडीशनर (एसी) से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस से धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस के एसी में तकनीकी खराबी आग लगने की संभावित वजह हो सकती है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना ने बसों में इलेक्ट्रिकल वायरिंग, एसी सिस्टम और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।



