सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के महुआपारा में निर्माणाधीन मकान में पहरेदारी कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग द्वारा जबरन संबंध बनाए जाने से क्षुब्ध होकर नाबालिग ने उस पर हमला किया था।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को महुआपारा स्थित निर्माणाधीन मकान में पहरेदारी कर रहे केतका निवासी सीताराम गोंड की हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग लड़की बुजुर्ग के साथ रहती थी। पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन बुजुर्ग ने नाबालिग के साथ जबरन संबंध बनाए। इसके बाद नाबालिग ने कथित तौर पर बुजुर्ग पर ब्लेड और सब्बल से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई।
पुलिस ने जांच के बाद नाबालिग को पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।



