छत्तीसगढ़

पत्थर से सिर कुचलकर महिला की हत्या, डॉग ‘बाघा’ ने खोला राज; पड़ोसी निकला हत्यारा..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में खेत के पास मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 24 वर्षीय महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की गई थी। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड के ‘बाघा’ ने अहम भूमिका निभाते हुए पुलिस को आरोपी तक पहुंचाने में मदद की। बाघा घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर एक घर तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने वहां रहने वाले संदिग्ध को हिरासत में लिया।

खेत के पास संदिग्ध हालत में मिला था शव

मामला 23 सितंबर का है। ग्राम लैंगा के पास ग्राम लोकहड़ा में 24 वर्षीय सुखमनिया एक्का का शव खेत के पास संदिग्ध हालत में मिला था। महिला के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई थी। सूचना मिलने पर पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक, साइबर और डॉग स्क्वॉड की टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना पत्थर भी बरामद किया।

‘बाघा’ ने 500 मीटर दौड़कर पहुंचाया आरोपी तक

लोकहड़ा वनांचल क्षेत्र में स्थित है, जहां ऊंचे-नीचे रास्तों और सीमित तकनीकी सुविधाओं के कारण पुलिस के लिए जांच चुनौतीपूर्ण थी। ऐसे में डॉग स्क्वॉड के बाघा को घटनास्थल पर लगाया गया।

बाघा ने घटनास्थल से सुराग लिया और रास्ते पर दौड़ते हुए करीब आधा किलोमीटर दूर एक घर में पहुंच गया। पुलिस ने घर में रहने वाले सहस राम मिंज को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आरोपी सहस राम ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी ने बताया कि मृतका सुखमनिया एक्का उसकी पत्नी की सहेली थी और दोनों के घर करीब 50 मीटर की दूरी पर थे। आरोपी का आरोप था कि सुखमनिया उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाती थी। उसने कई बार उसे ऐसा करने से मना किया था।

गुस्से में पत्थर से किया हमला

आरोपी के मुताबिक, 22 सितंबर की शाम वह बकरी चराकर घर लौटा तो उसकी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया शराब के नशे में थीं। इस बात को लेकर वह नाराज हो गया और सुखमनिया को घर से बाहर जाने के लिए कहा।

जब सुखमनिया वहां से अपने चाचा के घर की ओर जा रही थी, तब आरोपी ने उसका पीछा किया। इसके बाद मुडहीकुवां खेत के पास सुनसान जगह पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी सहस राम मिंज पिता प्रेम सिंह (38 वर्ष), निवासी ग्राम लोकड़हा उरांवपारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में टीम ने काम किया। मामले की जांच में डॉग स्क्वॉड के ‘बाघा’ की भूमिका अहम रही।

Leave a Reply

Back to top button