छत्तीसगढ़

जशपुर में दर्दनाक हादसा: कोयला लदे ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, युवक की मौत..

जशपुर। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (NH-43) पर गिरांग मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गम्हरिया निवासी संजय राम रौतिया के रूप में हुई है। हादसे के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, संजय एक होटल से भोजन लेकर अपनी बाइक (WB 74 BB 4970) से जकबा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान जशपुर से झारखंड की दिशा में कोयला लेकर जा रहे ट्रक (BR 22 GB 9723) से उसकी बाइक की टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि बाइक ट्रक के पिछले बंपर में जा फंसी और कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और संजय राम रौतिया की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं, मृतक के परिजनों का कहना है कि सामने चल रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर लहराने लगा था, जिसके कारण संजय का संतुलन बिगड़ गया और बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हालांकि, पुलिस के अनुसार दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Back to top button