सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से युवक की आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कल्याणपुर गांव निवासी सुमेर सिंह ने कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि उसने अपने पैरों में पत्थरों से भरी बोरी बांध रखी थी।
जानकारी के मुताबिक, सुमेर सिंह इससे पहले भी दो बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। एक बार उसने फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन पेड़ की डाल टूट जाने से उसकी जान बच गई। इसके बाद उसने कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन तैरना आने के कारण वह बच गया था।
इस बार उसने अपने पैरों को रस्सी के जरिए पत्थरों से भरी बोरी से बांधा और कुएं में छलांग लगा दी। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुमेर सिंह की गांव के कुछ लोगों से नहीं बनती थी और उसके व्यवहार को लेकर भी ग्रामीणों में चर्चा थी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।



