रायगढ़। रायगढ़-चंद्रपुर मार्ग पर तेतला पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार करीब 30 से 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना दोपहर करीब 12:30 बजे तेतला पेट्रोल पंप के समीप हुई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे युवक सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हादसे से जुड़े सुराग जुटा रही है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों के मुताबिक रायगढ़-चंद्रपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे होते रहते हैं। तेतला पेट्रोल पंप और चौक के आसपास का क्षेत्र दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील बताया जा रहा है।
करीब चार महीने पहले भी इसी स्थान पर ट्रक की चपेट में आने से दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद सड़क पर वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।



