रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। चक्रधर नगर शासकीय स्कूल में लंच ब्रेक के दौरान 6 से 7 बाहरी युवक बाउंड्रीवाल फांदकर स्कूल परिसर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने कक्षा 9वीं के 16 वर्षीय छात्र को बाहर बुलाया और दो युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र कमर के निचले हिस्से में गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। सहपाठियों ने तत्काल स्कूल प्रशासन को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल दो युवकों समेत मारपीट में सहयोग करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुराने विवाद को लेकर हमला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित छात्र और आरोपियों के बीच पहले से दोस्ती थी। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते छात्र को स्कूल से बाहर बुलाकर हमला किए जाने की बात सामने आई है।
स्कूल की सुरक्षा पर उठे सवाल
स्कूल परिसर में बाहरी युवकों के प्रवेश और छात्र पर चाकू से हमला होने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।
ABVP ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की घटनाओं से विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच असुरक्षा का माहौल बनता है।
पुलिस ने मामले की जांच जारी रखने और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल करने की बात कही है।



