छत्तीसगढ़

SP अंकिता शर्मा की सख्त कार्रवाई, नाबालिग मामले में TI-ASI सस्पेंड..

राजनांदगांव। जिले के गैंदाटोला थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से जुड़े अपराध के मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। घटना की सूचना मिलने के बावजूद अपेक्षित त्वरित कार्रवाई नहीं करने और प्रथमदृष्ट्या लापरवाही व संवेदनहीनता बरतने पर गैंदाटोला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश साहू और सहायक उप निरीक्षक मेघनाथ सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि में दोनों अधिकारियों को रक्षित केंद्र राजनांदगांव से संबद्ध किया गया है। निलंबन आदेश के अनुसार दोनों सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता पाने के पात्र होंगे।

मामले की प्राथमिक जांच की जिम्मेदारी डोंगरगांव SDOP मंजूलता बाज को सौंपी गई है। उन्हें पूरे प्रकरण की जांच कर 7 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस कार्रवाई के जरिए पुलिस विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गंभीर अपराधों, खासकर नाबालिगों से जुड़े मामलों में सूचना मिलते ही त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई जरूरी है। प्रथमदृष्ट्या लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button