जगदलपुर। ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे मलकानगिरी जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। बुधवार तड़के डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) ने मथिली थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर माओवादियों का बड़ा डंप बरामद किया है। मौके से हथियार, आईईडी, क्लेमोर माइन और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर DVF की टीम ने चेरकोटला, किर्मिती, कोटवापादर और कडाभाटा के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। यह इलाका छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा और सुकमा जिले के पुषपाल थाना क्षेत्र से लगा हुआ है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को तीन देसी बंदूकें, 5 किलो, 3 किलो और 2 किलो वजन के कई आईईडी, दो क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर और माओवादी बैनर समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री मिली। बरामद विस्फोटक और अन्य सामान को सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा का यह वन क्षेत्र लंबे समय से माओवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में हथियार और विस्फोटकों से भरे डंप की बरामदगी को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन और निगरानी बढ़ा दी है। बरामद सामग्री के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि माओवादियों ने इस डंप का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया था और इसके पीछे कौन-कौन से लोग सक्रिय थे।



