छत्तीसगढ़

CG Transfer News: 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति, पदस्थापना आदेश जारी..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में लंबे समय से लंबित उप अभियंताओं की नियुक्ति प्रक्रिया अब आगे बढ़ गई है। विभाग ने 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति और पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें 101 सिविल और 10 विद्युत/यांत्रिकी अभियंता शामिल हैं।

प्रमुख अभियंता कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, चयनित उप अभियंताओं को नियुक्ति आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर संबंधित पदस्थापना कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर ज्वाइनिंग देनी होगी। निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं होने पर उनकी नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नियुक्ति प्रक्रिया में आई तेजी

उप अभियंता भर्ती के लिए व्यापम द्वारा अप्रैल 2025 में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद परीक्षा परिणाम जारी होने पर जुलाई 2025 में विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण और पदस्थापना विकल्प के लिए काउंसलिंग कराई थी।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका और स्थगन के कारण नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। 20 अगस्त 2026 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा मामले के निराकरण के बाद विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने प्रथम चरण में अनुशंसित चयन सूची के आधार पर 111 उप अभियंताओं के पदस्थापना आदेश जारी किए।

जल जीवन मिशन समेत विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

बड़ी संख्या में युवा इंजीनियरों की नियुक्ति से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के विभिन्न कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। खासकर जल जीवन मिशन और अन्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन में नए अभियंताओं की नियुक्ति से विभागीय कार्यों को मजबूती मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Back to top button