बलौदाबाजार। जिले के पलारी में फर्जी ट्रांसफर आदेश के जरिए सरकारी कर्मचारी को स्थानांतरण का लाभ दिलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में बीजेपी जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल, RMA करण कुमार देवांगन समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, करण कुमार देवांगन ने 17 अगस्त को रोहांसी से मोपर ट्रांसफर का कथित आदेश BMO कार्यालय में पेश किया था। जांच में CMHO कार्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया था और दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षर भी फर्जी थे।
इसके बाद BMO की शिकायत पर पलारी पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले में कार्रवाई के बाद बीजेपी ने जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल को संगठन से निष्कासित कर दिया है।



