छत्तीसगढ़

रायपुर के ब्लू वाटर में हादसा, 3 दिन बाद भी नहीं मिला युवक का शव..

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे ब्लू वाटर में बुधवार शाम हुए हादसे के बाद भी युवक आदिल का शव बरामद नहीं हो सका है। हादसे को करीब 72 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन SDRF और NDRF की टीमें लगातार पानी के अंदर तलाश कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरने को लेकर शर्त लगी। इसके बाद आदिल पानी में उतर गया, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका।

युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गुरुवार और शुक्रवार को भी लगातार तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह एक बार फिर SDRF ने सर्च अभियान शुरू किया, जिसमें NDRF की टीम भी शामिल है।

बताया जा रहा है कि ब्लू वाटर में पानी की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल टीम अलग-अलग हिस्सों में पानी के अंदर सर्च कर रही है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

ब्लू वाटर में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा घेरा बनाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग भी उठ रही है।

फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम की नजर आदिल के शव की तलाश पर है। 72 घंटे से जारी सर्च ऑपरेशन के बावजूद शव नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Back to top button