बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। घोटिया थाना क्षेत्र के ग्राम सुधापाल में दो दिनों से लापता 6 वर्षीय मासूम लखेश्वर मौर्य का शव शुक्रवार सुबह गांव के नाले में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, लखेश्वर 19 अगस्त की सुबह अपने साथियों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई थी।
शुक्रवार सुबह सुधापाल नाले में ग्रामीणों ने बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही घोटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लोहंडीगुड़ा अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी वेदलाल नाग ने बताया कि मासूम की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा नाले तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।



