छत्तीसगढ़

रायपुर में दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आई मां, बचाने पहुंचे बेटे की भी मौत..

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थी। कपड़े उतारने के दौरान उसने जैसे ही जीआई पाइप को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गई।

मां को करंट से चिपका देखकर उनका 23 वर्षीय बेटा उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने मां को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटी से मिलने रायपुर आए थे मां-बेटे

मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (23) के रूप में हुई है। दोनों धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव के रहने वाले थे। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है। कल्याणी अपने बेटे के साथ रायपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहती है।

कूलर से पाइप में फैला करंट

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए कूलर और रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था। आशंका है कि कूलर में करंट आने के बाद बिजली का प्रवाह जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग तक पहुंच गया। इसी पाइप को छूने के दौरान महिला करंट की चपेट में आईं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक पल में मां को बचाने की कोशिश ने बेटे की भी जान ले ली, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Back to top button