छत्तीसगढ़

सरगुजा में डबल मर्डर से सनसनी, पत्नी और प्रेमी की हत्या के बाद आरोपी फरार..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट से सनसनीखेज डबल मर्डर का मामला सामने आया है। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी दारापारा में एक पति ने अपनी पत्नी और एक युवक की कथित तौर पर फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, बाबूलाल मझवार रोज की तरह खेत गया था। रात में घर लौटने पर पत्नी के घर पर नहीं मिलने के बाद वह उसकी तलाश करने लगा। इसी दौरान वह रिश्तेदार सोमरू मझवार के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि घर में उसकी पत्नी गांव के ही बेंजे बड़ा के साथ मौजूद थी।

पुलिस के अनुसार, पत्नी और युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर बाबूलाल गुस्से में आ गया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे फावड़े से पत्नी और युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों शवों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी भी शराब के नशे में था।

सुबह घर मालिक सोमरू मझवार जब अपने घर पहुंचा तो दोनों को खून से लथपथ हालत में देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। डबल मर्डर की इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।

Leave a Reply

Back to top button